वर्ष - 28
अंक - 12
16-03-2019

झाराविरस की हजारीबाग इकाई ने 23 फरवरी को अपनी मांगों पर जिला उपायुक्त के समक्ष धरना दिया. धरना की अध्यक्षता शेखर राय ने की और संचालन बिपिन सिन्हा ने किया. रसोइया संघ की राज्य अध्यक्ष गीता मंडल व ऐपवा की राज्य अध्यक्ष सविता सिंह भी इस धरना में शामिल थीं. उनकी मांगों में राज्य के रसोइयों की समस्याओं का जल्द समाधान करना, मानदेय में बढ़ोत्तरी करना, सरकारी कर्मचारियों को प्राप्त हो रही सभी सुविधा रसोइयों व संयोजिका को भी मुहैया कराना, उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा देना, समान काम के लिए समान वेतन देना, बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान करना तथा राज्य के विभिन्न स्कूलों में हटाए गए रसोइयों को पुनः बहाल करना आदि शामिल थे. धरने में उषा देवी, मालती देवी, तेतरी देवी, कौशल्या देवी, सुधीर यादव, गणेश कुमार, विजय मिश्र, लोकनाथ महतो समेत काफी संख्या में रसोइया व संयोजिका उपस्थित थे.

पलामू इकाई ने 26 फरवरी को करीब 12 बजे दिन में शिवाजी मैदान से एक आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन निकाला जो बाजार से मुख्य मार्ग से होते हुए जोरदार नारों के साथ जिला शिक्षा अधीक्षक के पास पहुंचा और संघ के शिष्टमंडल ने उन्हें अपना मांगपत्र दिया. शिष्टमंडल में सचिव सुनीता देवी, अध्यक्ष अरविंद प्रसाद, कोषाध्यक्ष ललिता समेत कई रसोइया कार्यकर्ता शामिल थे. वर्ष 2017 में हुए समझौते को लागू करने के बारे में भी जिला शिक्षा अधीक्षक से वार्ता की गई.

22 फरवरी 2019 को दुमका में कामरेड गीता मंडल के नेतृत्व में झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ ने उपायुक्त के समक्ष उपरोक्त 5-सूत्री मांगों के लिए धरना प्रदर्शन आयोजित किया.