वर्ष - 31
अंक - 6
05-02-2022

लखनऊ, 3 फरवरी 2022. भाकपा(माले) ने प्रदेश विधानसभा के प्रत्याशियों की दूसरी और अंतिम सूची जारी कर दी है. इस सूची में सात नाम हैं.

बलिया जिले में सिकंदरपुर सीट से खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीराम चौधरी, देवरिया में भाटपार रानी से भाकपा(माले) राज्य कमिटी के सदस्य श्रीराम कुशवाहा, गाजीपुर में जमानिया से किसान महासभा के प्रदेश सचिव ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा, चंदौली में चकिया (सु.) से भाकपा(माले) राज्य स्थायी समिति के सदस्य अनिल पासवान, मिर्जापुर में मड़िहान से संघर्षशील महिला नेत्री जीरा भारती, छानबे (सु.) से आदिवासियों के नेता धर्मराज और सोनभद्र की घोरावल सीट से भाकपा(माले) जिला सचिव सुरेश कोल को प्रत्याशी घोषित किया गया है. पहली सूची के चार प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 11 सीटों पर भाकपा(माले) ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है.

अंतिम सूची जारी करते हुए राज्य सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भाकपा(माले) भाजपा के खिलाफ जोरदार अभियान चलायेगी. बेरोजगारी, महंगाई, योगी के आतंक राज व नफरती राजनीति का खात्मा, दबंगों-दंगाइयों पर लगाम, महिलाओं-दलितों-अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, लोकतंत्र आदि चुनाव प्रचार के प्रमुख मुद्दे होंगे. उन्होंने कहा कि अपनी सीटों पर भाकपा(माले) पूरी ताकत से लड़ेगी और भाजपा को हराने के लिए बाकी सीटों पर मुख्य विपक्षी सपा गठबंधन का समर्थन करेगी.